सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर 8 मई से एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कंपनी Meta Platforms ने घोषणा की है कि इंस्टाग्राम के डायरेक्ट मैसेज (DM) से एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन (E2EE) फीचर हटाया जाएगा। इस फैसले की जानकारी मेटा ने अपने आधिकारिक ब्लॉग पोस्ट के जरिए दी है।
दरअसल, इंस्टाग्राम में एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन फीचर दिसंबर 2023 में जोड़ा गया था। उस समय मेटा ने WhatsApp की तरह ही इंस्टाग्राम और Facebook Messenger में भी यह सुविधा शुरू की थी, ताकि यूजर्स की चैट्स पूरी तरह सुरक्षित और निजी रहें।
DM चैट्स अब पूरी तरह प्राइवेट नहीं रहेंगी
एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन हटने के बाद इंस्टाग्राम पर की जाने वाली निजी चैट्स अब पूरी तरह प्राइवेट नहीं रहेंगी। इसका मतलब है कि अगर आप किसी से इंस्टाग्राम पर बातचीत करते हैं, तो उस चैट तक मेटा की पहुंच हो सकती है। पहले E2EE फीचर होने की वजह से केवल भेजने वाला और प्राप्त करने वाला ही चैट को देख सकता था, यहां तक कि मेटा भी इन मैसेज को एक्सेस नहीं कर पाता था।
पुराने चैट्स डाउनलोड कर सकते हैं यूजर्स
मेटा ने अपने ब्लॉग में बताया है कि अगर यूजर्स अपनी पुरानी बातचीत को सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो वे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से चैट और मीडिया फाइल्स डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए यूजर्स को अपने इंस्टाग्राम ऐप को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट करना होगा और दिए गए निर्देशों को फॉलो करना होगा।
क्या Facebook Messenger में भी होगा बदलाव?
इस फैसले के बाद कई यूजर्स के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या इंस्टाग्राम के बाद फेसबुक मैसेंजर से भी एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन हटाया जाएगा। फिलहाल इस बारे में कंपनी की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
आखिर क्यों लिया गया यह फैसला?
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में चाइल्ड अब्यूज से जुड़े मामलों को लेकर मेटा के एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन फीचर पर सवाल उठाए गए थे। अमेरिका और यूके की कई सरकारी एजेंसियों ने CSAM (चाइल्ड सेक्सुअल अब्यूज मटेरियल) से जुड़े कंटेंट को पहचानने के लिए इस फीचर को हटाने की मांग की थी।
दरअसल, एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन की वजह से इंस्टाग्राम और फेसबुक मैसेंजर पर होने वाली वन-टू-वन बातचीत पूरी तरह निजी रहती थी। ऐसे में अगर कोई आपत्तिजनक या आपराधिक बातचीत होती थी, तो उसे एक्सेस करना मुश्किल हो जाता था।
अब यह फीचर हटने के बाद अगर कोई यूजर इंस्टाग्राम DM में होने वाली आपत्तिजनक बातचीत की रिपोर्ट करता है, तो मेटा उस चैट को एक्सेस कर सकेगा और उसके आधार पर कार्रवाई भी कर पाएगा।
















