डिजिटल पेमेंट को और आसान बनाने के लिए बड़ा बदलाव किया गया है। अब PhonePe, Google Pay, Paytm और BHIM जैसे UPI ऐप्स से भुगतान करने के लिए हर बार पिन डालने की जरूरत नहीं होगी।
रिपोर्ट के अनुसार, National Payments Corporation of India (NPCI) ने UPI ऐप्स के लिए बायोमैट्रिक पेमेंट फीचर को सक्षम कर दिया है। इस फीचर के जरिए यूजर्स अब फिंगरप्रिंट या फेस आईडी की मदद से भी UPI पेमेंट कर सकेंगे। पहले यह सुविधा केवल कुछ एंड्रॉइड ऐप्स तक सीमित थी, लेकिन अब इसे iPhone यूजर्स के लिए भी रोल आउट किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, शुरुआत में यह फीचर Amazon Pay और PhonePe के एंड्रॉइड ऐप्स पर शुरू किया गया था। इस सुविधा के तहत यूजर्स बिना UPI पिन डाले 5,000 रुपये तक का भुगतान कर सकते हैं। एंड्रॉइड यूजर फिंगरप्रिंट या फेस अनलॉक से पेमेंट कर पाएंगे, जबकि iPhone यूजर फेस आईडी के जरिए इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।इस नए फीचर से UPI पेमेंट पहले से ज्यादा तेज, आसान और सुरक्षित होने की उम्मीद है।
कैसे करें यूज?
- PhonePe, Google Pay, Paytm, BHIM आदि यूज करने वाले यूजर्स को सबसे पहले अपने फोन में जाकर इन ऐप्स को अपडेट करना होगा। ऐप के लेटेस्ट वर्जन को अपडेट करने के बाद ऐप में जाएं।
- इसके बाद आपको इन ऐप्स में Biometric Payment या Pay With Face ID को सर्च करें।
- फिर आपको अपने बैंक को चुनना होगा, जिस पर आप बायोमैट्रिक फीचर ऑन करना चाहते हैं।
- सेलेक्शन करने के बाद UPI पिन दर्ज करें और बायोमैट्रिक फीचर को ऑन कर दें।
- इसके बाद जब भी आप उस बैंक से UPI पेमेंट करेंगे आपको फेस आईडी या फिर फिंगरप्रिंट यूज करके पेमेंट करने का ऑप्शन मिलेगा।
क्या है फायदा?
NPCI के मुताबिक, बायोमैट्रिक फीचर ऑन होने के बाद UPI पेमेंट में तेजी आएगी और लोग आसानी से कॉन्टैक्टलेस डिजिटल लेन-देन कर पाएंगे। खास तौर पर छोटे पेमेंट करने के लिए लोगों को बार-बार पिन एंटर करने की जरूरत नहीं होगी। वो अमाउंट दर्ज करने के बाद फोन के बायोमैट्रिक्स का इस्तेमाल करके फटाफट पेमेंट कर सकेंगे। NPCI का कहना है कि रोज होने वाली UPI पेमेंट्स का एक बड़ा हिस्सा 5,000 रुपये से कम का होता है, जिसके लिए लोगों को अब UPI पिन एंटर करने की जरूरत नहीं होगी।
















