चेन्नई के नवल्लूर इलाके में एक एलपीजी सिलेंडर में धमाके का मामला सामने आया है। इस हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए हैं। धमाके की वजह से तीन मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोग तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और पुलिस एवं दमकल विभाग को सूचित किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में सिलेंडर फटने की आशंका जताई जा रही है।
तीन मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त
चेन्नई के नवल्लूर इलाके के चामुंडीश्वर नगर स्थित तीसरी गली में सुबह करीब 7:40 बजे एक एलपीजी सिलेंडर विस्फोट हुआ। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के तीन मकान आंशिक रूप से ढह गए। इस हादसे में संजय कुमार और सोनिया के दो बच्चे — डेढ़ साल के धीरन और चार साल की कृतिका — मौके पर ही जान गंवा बैठे।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
स्थानीय लोगों ने देखा कि कई लोग मलबे के नीचे दबे हुए थे। उन्होंने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। थाझाम्बूर पुलिस स्टेशन और अग्निशमन टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया।
घायलों में प्रदीप (7), सेल्वी (40), वैरामुथु (45), संजीव कुमार (27), सोनिया (25), मुरुगन (45) और चित्रा (55) शामिल हैं। उन्हें गंभीर रूप से झुलसे होने की वजह से पास के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रिपोर्ट में सिलेंडर फटने की संभावना जताई गई है। मामले की आगे की जांच जारी है।
















