सोमवार को सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए बड़ी राहत की खबर आई। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री Manik Saha ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 5 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस फैसले के बाद कर्मचारियों को मिलने वाला महंगाई भत्ता 36 प्रतिशत से बढ़कर 41 प्रतिशत हो जाएगा।
यह घोषणा त्रिपुरा के वित्त मंत्री Pranajit Singha Roy के बजट भाषण के तुरंत बाद की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि डीए और डीआर में यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी, जिससे राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सीधा फायदा मिलेगा।
1 लाख से ज्यादा कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री माणिक साहा के मुताबिक सरकार के इस फैसले से राज्य के 1,02,563 नियमित कर्मचारियों और 81,019 पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को 5 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ता देने के लिए सरकार को हर साल करीब 500 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि कर्मचारियों का डीए धीरे-धीरे केंद्र सरकार के कर्मचारियों के डीए के बराबर पहुंच सके। फिलहाल केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 58 प्रतिशत डीए दे रही है, ऐसे में त्रिपुरा के कर्मचारी अभी भी लगभग 17 प्रतिशत पीछे हैं।
34,212 करोड़ रुपये का बजट पेश
वहीं वित्त मंत्री प्रणजीत सिंघा रॉय ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 34,212.31 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। इस बजट में किसी नए टैक्स का प्रस्ताव नहीं रखा गया है। सरकार ने बुनियादी ढांचे के विकास, डिजिटल बदलाव और ग्रामीण रोजगार पर खास जोर दिया है।
यह बजट पिछले साल के 32,423 करोड़ रुपये के बजट अनुमान से करीब 5.52 प्रतिशत ज्यादा है। हालांकि बजट में 240.72 करोड़ रुपये के घाटे का अनुमान लगाया गया है।
बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा देने के लिए 8,945.92 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय का प्रस्ताव रखा गया है, जो पिछले साल की तुलना में 13.19 प्रतिशत अधिक है।
















