नाइजीरिया के बोर्नो राज्य में सोमवार रात कई जगहों पर जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। कम से कम तीन स्थानों पर हुए इन धमाकों में कई लोगों की मौत की खबर है, जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इमरजेंसी सेवाओं के मुताबिक, इस हमले में सुसाइड बॉम्बर के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। बोर्नो की राजधानी मैदुगुरी में भी धमाकों की गूंज सुनाई दी, जहां आतंकी संगठन बोको हराम सक्रिय रहता है।
किसी ने नहीं ली जिम्मेदारी
राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के ऑपरेशन प्रमुख सिराजो अब्दुल्लाही के अनुसार, ये धमाके ‘मैदुगुरी यूनिवर्सिटी टीचिंग हॉस्पिटल’ के गेट और दो स्थानीय बाजार—‘पोस्ट ऑफिस’ और ‘मंडे मार्केट’ में हुए। उन्होंने बताया कि कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, लेकिन हताहतों की सही संख्या का आंकड़ा अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल, इन धमाकों की जिम्मेदारी किसी भी संगठन ने नहीं ली है।
200 से अधिक घायलों को पहुंचाया अस्पताल
विस्फोट के चश्मदीद बगोनी अल्कली ने बताया कि उन्होंने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अल्कली ने कहा, ”अब तक 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं और अस्पतालों में उनका उपचार किया जा रहा है।” उन्होंने कहा, ” बम विस्फोट के बाद घटनास्थल पर ही कई लोगों की जान चली गई। यह बेहद दुखद है।” एक स्वयंसेवी समूह के सदस्य मोहम्मद हसन ने कहा कि उन्होंने ‘पोस्ट ऑफिस’ और ‘मंडे मार्केट’ से 10 शवों को निकाला।
गर्वनर ने की विस्फोटों की निंदा
बोर्नो के गवर्नर बाबागाना उमारा जुलुम ने विस्फोटों की कड़ी निंदा की है। नाइजीरिया की सेना ने इससे पहले एक बयान में कहा था कि उसने सोमवार तड़के मैदुगुरी के बाहरी इलाके में संदिग्ध इस्लामी आतंकवादियों द्वारा किए गए हमलों को नाकाम कर दिया था। बता दें कि नाइजीरिया कई वर्षों से विभिन्न हथियारबंद समूहों के कारण उत्पन्न जटिल सुरक्षा संकट से जूझ रहा है, खासकर देश के उत्तरी भाग में।















