गर्मी का मौसम शुरू होते ही बाजार में कई ऐसे फल आने लगते हैं, जो सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। इन्हीं में से एक है जामुन। दिखने में छोटा लेकिन गुणों से भरपूर जामुन शरीर के लिए काफी लाभकारी होता है। बैंगनी रंग और खट्टे-मीठे स्वाद वाला यह फल पोषक तत्वों से भरपूर होता है, इसलिए इसे गुणों की खान भी कहा जाता है।
जामुन को प्रकृति का अनमोल तोहफा माना जाता है। इसका वैज्ञानिक नाम सिजीगियम क्यूमिनी है और यह भारत समेत कई दक्षिण एशियाई देशों में पाया जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं जामुन खाने से सेहत को क्या-क्या फायदे मिलते हैं।
1. डायबिटीज में रामबाण
जामुन का सबसे बड़ा फायदा डायबिटीज के मरीजों को होता है। इसमें एंटी-डायबिटिक गुण होते हैं जो खून में शुगर के लेवल को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। यह स्टार्च को शुगर में बदलने से रोकता है। जामुन के फल के साथ-साथ इसकी गुठली का चूर्ण भी शुगर कंट्रोल करने में बहुत प्रभावी है।
2. पाचन शक्ति बढ़ाए
जामुन पेट से जुड़ी समस्याओं के लिए बेहतरीन है। यह कब्ज, गैस और मरोड़ जैसी समस्याओं को दूर करता है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को दुरुस्त रखते हैं।
3. दिल की सेहत के लिए
जामुन में पोटेशियम भरपूर मात्रा में होता है। यह हाई ब्लड प्रेशर को रोकने में मदद करता है। इसके नियमित सेवन से स्ट्रोक और दिल की बीमारियों का खतरा कम होता है।
4. खून की कमी दूर करे
जामुन में विटामिन C और आयरन की अच्छी मात्रा होती है। यह शरीर में हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाता है। खून साफ करने में भी जामुन मददगार साबित होता है।
5. चमकती त्वचा और मजबूत दांत
इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स चेहरे के कील-मुंहासों और झुर्रियों को कम करने में मदद करते हैं। जामुन के पत्तों की राख दांतों और मसूड़ों के लिए बहुत फायदेमंद होती है, इससे मसूड़ों से खून आना बंद होता है।
















