मिडिल ईस्ट में ईरान, अमेरिका और इज़रायल के बीच जारी जंग के 19वें दिन भी हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। दोनों तरफ से लगातार हमले हो रहे हैं। ईरान ने बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन से हमला किया, जिससे एंबेसी की एक इमारत में आग लग गई। वहीं इज़रायल के तेल अवीव में ईरानी मिसाइल का मलबा गिरने से रेलवे स्टेशन को भारी नुकसान पहुंचा है।
इस बीच इज़रायल ने दावा किया है कि उसने ईरान के दो बड़े अधिकारियों अली लारीजानी और जनरल गुलाम रजा सुलेमानी को मार गिराया है, जो ईरान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। दूसरी तरफ अमेरिका ने भी ईरान के खिलाफ बड़ा सैन्य एक्शन लिया है। अमेरिकी सेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरानी ठिकानों पर 5,000 पाउंड के बम गिराए हैं।
मिसाइल साइट्स पर अमेरिका का हमला
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (US CENTCOM) ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि कुछ घंटे पहले अमेरिकी सेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरान के समुद्री तट पर मौजूद मिसाइल साइट्स को निशाना बनाया। इन ठिकानों से एंटी-शिप क्रूज मिसाइलें चलाई जा रही थीं, जो अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए खतरा बन रही थीं।
ईरान के दो बड़े अधिकारियों की मौत
इज़रायल ने कहा कि रातभर चले हमलों में ईरान के दो वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों को मार गिराया गया। इज़रायली रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ के मुताबिक, सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारीजानी और बासिज फोर्स के प्रमुख जनरल गुलाम रजा सुलेमानी की मौत हो गई है।
ईरान का पलटवार और बदले की चेतावनी
इन हमलों के बाद ईरान में गुस्सा बढ़ गया है। ईरान ने इज़रायल से बदला लेने का ऐलान किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने इज़रायल पर मिसाइलों की एक और बड़ी खेप दागी है, जिसमें तेल अवीव समेत कई शहरों को निशाना बनाया गया। हालात को देखते हुए पूरे क्षेत्र में तनाव और भी बढ़ गया है।
















