इंदौर के ब्रिजेश्वरी एनेक्स इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक मकान में लगी भीषण आग ने 8 लोगों की जान ले ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया।
मृतकों में 3 बच्चे भी शामिल
इस हादसे में कुल 8 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं। मृतकों में तनय (8 वर्ष), राशि (10 वर्ष) और छोटू (22 वर्ष) शामिल हैं। इसके अलावा घर के मालिक मनोज पुगलिया (65 वर्ष) और उनके साले विजय सेठिया (65 वर्ष) की भी जान चली गई। वहीं, तीन महिलाओं—सिमरन, सुमन और टीनू—की भी मौत की पुष्टि हुई है।
घर से मिले कई गैस सिलेंडर
घटना के बाद पुलिस ने घर के अंदर से 8 गैस सिलेंडर बरामद किए, जिनमें से कुछ में ब्लास्ट की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, हाल ही में किसी मांगलिक कार्यक्रम के चलते घर में अतिरिक्त सिलेंडर रखे गए थे।
शॉर्ट सर्किट और चार्जिंग से जुड़ा कारण
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। वहीं पुलिस के अनुसार, घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज हो रही थी, इसी दौरान चार्जिंग प्वाइंट में स्पार्क या विस्फोट हुआ और आग तेजी से फैल गई।
दरवाजे लॉक होने से बढ़ी मुश्किल
हादसे के समय घर के दरवाजे बंद थे, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आई। पुलिस और फायर टीम को दरवाजे तोड़कर अंदर जाना पड़ा।
CM मोहन यादव ने जताया शोक
डॉ. मोहन यादव ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
जिला प्रशासन के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है। दो मंजिलों को खाली कराया जा चुका है, जबकि अन्य हिस्सों की जांच जारी है, ताकि कोई अंदर फंसा न रह जाए।
3 लोगों को सुरक्षित बचाया गया
इस हादसे में 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
















