अगर आपको Meta Platforms के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook को इस्तेमाल करने में दिक्कत आ रही है, तो आप अकेले नहीं हैं। दरअसल, ऑनलाइन आउटेज मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म Downdetector पर अमेरिका में 2,000 से ज्यादा यूजर्स ने फेसबुक में समस्या आने की शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, इसका असर भारत में ज्यादा नहीं देखा गया है, जहां अब तक केवल 13 शिकायतें सामने आई हैं।
ज्यादातर यूजर्स की परेशानी फेसबुक फीड से जुड़ी हुई है। Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक, करीब 42 प्रतिशत यूजर्स को फीड एक्सेस करने में दिक्कत हो रही है, जबकि लगभग 24 प्रतिशत लोगों ने लॉगिन में समस्या बताई है। वहीं, करीब 18 प्रतिशत यूजर्स को ऐप के इस्तेमाल में ही परेशानी आ रही है। ये शिकायतें आधी रात से शुरू हुईं और लगातार बढ़ती जा रही हैं।
बीते दिन X भी हुआ था प्रभावित
एक दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) भी भारत में प्रभावित हुआ था। यूजर्स ने बताया था कि वे प्लेटफॉर्म पर शेयर की गई पोस्ट और लिंक को एक्सेस नहीं कर पा रहे थे। रात करीब 8 बजे के बाद पूरे देश में 1227 आउटेज रिपोर्ट दर्ज की गईं, जो रात 8:30 बजे तक बढ़कर 4500 से ज्यादा हो गईं।
यूजर्स ने साझा किया अनुभव
फेसबुक में दिक्कत आने के बाद कई यूजर्स ने X और Downdetector पर अपने अनुभव साझा किए। एक यूजर ने लिखा, “क्या फेसबुक अभी डाउन है? मैं इसे खोल नहीं पा रहा हूं, जबकि मुझे काम के लिए इसकी जरूरत है।” वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि उनका फीड कुछ देर के लिए खुला और फिर गायब हो गया, जो कई मिनटों तक वापस नहीं आया।
















