भारतीय रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 64 पैसे टूटकर 93.53 के अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। विदेशी फंड की लगातार निकासी और कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के कारण रुपये पर दबाव बना रहा। इसे बढ़ते वैश्विक तनाव का असर माना जा रहा है।
फॉरेक्स ट्रेडर्स के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और निवेशकों के जोखिम से बचने की प्रवृत्ति (रिस्क-एवर्जन) ने रुपये को कमजोर किया है। वहीं, वैश्विक अनिश्चितता के चलते ऊर्जा लागत बढ़ने से व्यापार घाटा और महंगाई बढ़ने की चिंता भी जताई जा रही है।
पिछले स्तर से 64 पैसे की गिरावट
इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 92.92 पर खुला और पहली बार 93 के पार पहुंच गया। कारोबार के दौरान यह लगातार गिरता रहा और आखिर में 93.53 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद के मुकाबले 64 पैसे कमजोर है। इससे पहले बुधवार को भी रुपया 49 पैसे गिरकर 92.89 के स्तर पर बंद हुआ था। गुरुवार को गुड़ी पड़वा के चलते बाजार बंद रहा।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट दिलीप परमार के मुताबिक, विदेशी निवेश की निकासी और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का “डबल असर” रुपये पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि तकनीकी तौर पर USD/INR में तेजी का रुख बना हुआ है और यह 93.75 तक जा सकता है, जबकि 92.90 पर सपोर्ट नजर आ रहा है।
वैश्विक स्तर पर महंगाई का खतरा बढ़ा
डॉलर इंडेक्स, जो छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दिखाता है, 0.37% बढ़कर 99.60 पर पहुंच गया। वहीं, ब्रेंट क्रूड की कीमत 108.62 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी हुई है।
ट्रेडर्स का कहना है कि ईरान से जुड़े तनाव के चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासतौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर असर पड़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है, जिससे दुनियाभर में महंगाई बढ़ने का खतरा बना हुआ है।
शेयर बाजार में हल्की मजबूती
घरेलू शेयर बाजार में हालांकि कुछ सुधार देखने को मिला। बीएसई सेंसेक्स 325.72 अंक (0.44%) बढ़कर 74,532.96 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 112.35 अंक (0.49%) चढ़कर 23,114.50 पर पहुंच गया।
एक्सचेंज डेटा के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुक्रवार को 5,518.39 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की। वहीं, भारतीय रिजर्व बैंक के अनुसार 13 मार्च को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 7.052 अरब डॉलर घटकर 709.759 अरब डॉलर रह गया।















