देश में एलपीजी सिलेंडर की कमी के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई में 20% बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस कदम से होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, सरकार ने राज्यों के लिए रेस्टोरेंट, रियायती कैंटीन और प्रवासी मजदूरों (5 किलो FTL सिलेंडर) के लिए 20% अतिरिक्त कमर्शियल LPG की मंजूरी दी है। इस फैसले के बाद कुल आवंटन बढ़कर 50% तक पहुंच गया है।
पहले भी बढ़ाई गई थी सप्लाई
मंत्रालय ने बताया कि इससे पहले 18 मार्च को 10% अतिरिक्त सप्लाई बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया था। साथ ही, कमर्शियल LPG की 20% आंशिक सप्लाई पहले ही बहाल की जा चुकी थी। 21 मार्च को जारी आदेश में 20% और बढ़ोतरी की मंजूरी दी गई, जिससे कुल आवंटन 50% हो गया। इसमें PNG विस्तार और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ सुधारों से जुड़ा 10% हिस्सा भी शामिल है।
प्राथमिकता के आधार पर वितरण
सरकार ने साफ किया है कि अतिरिक्त सप्लाई प्राथमिकता के आधार पर दी जाएगी। इसमें होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, औद्योगिक कैंटीन, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, डेयरी, सरकारी रियायती कैंटीन, सामुदायिक रसोई और प्रवासी मजदूरों के लिए छोटे सिलेंडर शामिल हैं।
करीब 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने केंद्र के दिशा-निर्देशों के अनुसार कमर्शियल LPG आवंटन के आदेश जारी कर दिए हैं। बाकी जगहों पर सरकारी तेल कंपनियां सप्लाई सुनिश्चित कर रही हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता
मंत्रालय के मुताबिक, शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। कुल कमर्शियल LPG सप्लाई का लगभग 50% हिस्सा इन्हीं सेक्टर को दिया जा रहा है।
सरकार के इस फैसले से एलपीजी की कमी से जूझ रहे कई क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
















