छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से इस वक्त एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। खल्लारी माता मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ हादसा हो गया। खल्लारी गांव में रोपवे की ट्रॉली का तार टूटने से एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि ट्रॉली में कुल 8 लोग सवार थे। यह घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे के बाद की है, जब ट्रॉली मंदिर से नीचे उतर रही थी। इसी दौरान अचानक उसका तार टूट गया और ट्रॉली हादसे का शिकार हो गई।
घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सभी श्रद्धालु नवरात्रि के मौके पर खल्लारी माता मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। हादसे में रायपुर की रहने वाली 28 वर्षीय आयुषी सातकार की जान चली गई।
इस घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है और पीड़ित परिवार के साथ उनकी संवेदनाएं हैं। साथ ही अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं और पूरे मामले की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
















