मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच कतर से एक दुखद खबर सामने आई है। कतर का एक सैन्य हेलीकॉप्टर फारस की खाड़ी में क्रैश हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कतर सरकार ने रविवार को हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना देश के क्षेत्रीय जल में हुई, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है।
रूटीन मिशन पर था हेलीकॉप्टर
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हेलीकॉप्टर नियमित ड्यूटी पर था और इसी दौरान तकनीकी खराबी के चलते हादसा हो गया। आंतरिक मंत्रालय ने बताया कि मृतकों की पहचान और उनकी राष्ट्रीयता को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। यह भी साफ नहीं हो पाया है कि सभी लोग सैन्य कर्मी थे या कुछ नागरिक भी शामिल थे।
फिलहाल कोस्ट गार्ड और इंटरनल सिक्योरिटी फोर्स (लेख्विया) की टीमें लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हैं।
हमले की आशंका पर नहीं हुई पुष्टि
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब क्षेत्र में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच तनाव चरम पर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान कतर में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है। ऐसे में शुरुआती तौर पर हमले की आशंका जताई गई, लेकिन कतर सरकार ने साफ किया है कि हेलीकॉप्टर क्रैश का कारण तकनीकी खराबी ही है और किसी दुश्मन कार्रवाई के संकेत नहीं मिले हैं।
घटना की जांच शुरू
हादसे के बाद कतर सरकार और सेना ने जांच शुरू कर दी है, ताकि तकनीकी खराबी की असली वजह का पता लगाया जा सके। हालांकि इस घटना का तेल और गैस संचालन पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ा है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे घटनाक्रम क्षेत्र में अस्थिरता को बढ़ा सकते हैं।
सरकार ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और राहत-बचाव कार्य जारी है।















