मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इस साल जनवरी में दोनों धातुएं रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थीं, लेकिन इसके बाद कीमतों में गिरावट शुरू हो गई। जनवरी के आखिरी दिनों से ही बाजार में भारी अस्थिरता बनी हुई है। फिलहाल सोना और चांदी दोनों अपने उच्चतम स्तर से काफी नीचे आ चुके हैं। चांदी अपने ऑल टाइम हाई से करीब 1.92 लाख रुपये तक सस्ती हो चुकी है, जबकि सोना भी करीब 48 हजार रुपये गिर चुका है।

शुक्रवार को MCX पर 2 अप्रैल डिलीवरी वाला सोना हल्की बढ़त के साथ 1,44,825 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं, 5 मई डिलीवरी वाली चांदी में 1.72 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 2,27,470 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। 29 जनवरी को MCX पर चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम और सोना 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था। इस हिसाब से अब सोना करीब 48,271 रुपये और चांदी 1,92,578 रुपये तक सस्ती हो चुकी है।

दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार, 20 मार्च को 99.9 फीसदी शुद्ध सोना 650 रुपये टूटकर 1,52,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। जबकि 29 जनवरी को इसका भाव 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम था। यानी अब सोना अपने उच्चतम स्तर से करीब 30,350 रुपये सस्ता हो चुका है। बता दें कि सर्राफा बाजार शनिवार और रविवार को बंद रहता है।

वहीं चांदी की कीमतों में सोने के मुकाबले ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। 20 मार्च को दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी 1,800 रुपये की बढ़त के साथ 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। जबकि 29 जनवरी को इसका भाव 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम था। इस तरह चांदी अपने ऑल टाइम हाई से करीब 1.64 लाख रुपये तक नीचे आ चुकी है।
















