इस वक्त की बड़ी खबर असम से सामने आई है। सोनितपुर जिले में रविवार देर रात एक एंबुलेंस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें सात लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे-15 पर ट्यूलिप टी गार्डन के पास एक मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस की ट्रक से टक्कर हो गई। एंबुलेंस में मरीज के साथ उसके परिजन भी सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि रेस्क्यू टीम ने पहुंचकर यातायात को बहाल कर दिया।
सोनितपुर के एसएसपी बरुन पुरकायस्थ के मुताबिक एंबुलेंस मरीज और उसके परिवार के सदस्यों को लेकर तेजपुर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल जा रही थी। इसी दौरान ढेकियाजुली थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-15 पर यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। पुलिस और राहत टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।
वहीं, एक अन्य हादसा मध्य प्रदेश के मंडला जिले से सामने आया है। यहां बीजाडांडी थाना क्षेत्र के भैंसवाही गांव के पास शनिवार रात बाइक हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। रास्ते में पुल पर गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। हादसे में सभी युवक गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में उनकी मौत हो गई।
















