आज नवरात्रि का पांचवां दिन है। अगर आप भी मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की है। चैत्र नवरात्रि मेले के दौरान बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
रेलवे ने कोरबा से नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) और वापस कोरबा के बीच नवरात्रि मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन 23 मार्च से 28 मार्च तक चलेगी और रास्ते में कुल 63 स्टेशनों पर रुकेगी। इससे डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।
गाड़ी संख्या 06883 नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)-कोरबा मेमू स्पेशल ट्रेन प्रतिदिन सुबह 5 बजे इतवारी से रवाना होगी। यह दुर्ग 11:05 बजे, रायपुर 12:25 बजे, तिल्दा नेवरा 1:50 बजे, भाटापारा 2:14 बजे, बिलासपुर 4:00 बजे होते हुए शाम 7:30 बजे कोरबा पहुंचेगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 06884 कोरबा-नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) मेमू स्पेशल ट्रेन सुबह 5:10 बजे कोरबा से रवाना होगी। यह बिलासपुर 7:25 बजे, भाटापारा 8:37 बजे, तिल्दा नेवरा 9:06 बजे, रायपुर 10:14 बजे, दुर्ग 12:25 बजे, गोंदिया 4:00 बजे होते हुए शाम 7:30 बजे इतवारी स्टेशन पहुंचेगी।















