फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Swiggy ने AI कंपनी Sarvam AI के साथ साझेदारी कर यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट पेश किया है। अब कंपनी ने फूड डिलीवरी, इंस्टामार्ट और डाइनआउट सेवाओं में वॉयस-आधारित ऑर्डरिंग फीचर शुरू कर दिया है, जिससे लोग अपनी पसंदीदा भाषा में बोलकर खाना, किराना सामान ऑर्डर कर सकते हैं और टेबल भी बुक कर सकते हैं।
इस नए फीचर के जरिए यूजर्स को टाइप करने या ऐप चलाने की जरूरत नहीं होगी। वे सिर्फ अपनी भाषा में बोलकर ऑर्डर दे सकेंगे और AI असिस्टेंट बाकी काम खुद संभाल लेगा। खास बात यह है कि अब सामान्य फोन कॉल के जरिए भी ऑर्डर किया जा सकता है, यानी इंटरनेट के बिना भी यह सुविधा उपलब्ध होगी।
कंपनी के मुताबिक, यह फीचर Swiggy Instamart और डाइनआउट सर्विस पर भी लागू कर दिया गया है। इसके अलावा, इंडस जैसे प्लेटफॉर्म पर चैट के जरिए खरीदारी करने का विकल्प भी जोड़ा गया है, जहां यूजर्स AI से बातचीत कर अपनी जरूरत की चीजें मंगा सकते हैं।
इस सर्विस की सबसे बड़ी खासियत इसका मल्टी-लैंग्वेज सपोर्ट है। Sarvam AI का सिस्टम हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, बंगाली, मराठी समेत 11 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है। इससे अब यूजर्स अपनी मातृभाषा में आसानी से ऑर्डर कर सकेंगे और अंग्रेजी की बाध्यता खत्म होगी।
पेमेंट को भी आसान बनाने के लिए Razorpay को जोड़ा गया है। इसके जरिए UPI के माध्यम से सुरक्षित और आसान पेमेंट किया जा सकता है, यहां तक कि वॉइस ऑर्डर के दौरान भी भुगतान सहज तरीके से पूरा हो जाएगा।
कुल मिलाकर, Swiggy का यह कदम डिजिटल कॉमर्स को ज्यादा सरल और सभी के लिए सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है, खासकर उन लोगों के लिए जो टाइप करने की बजाय बोलकर काम करना ज्यादा आसान समझते हैं।
















