भारत सरकार ने अपनी कूटनीतिक रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ राजनयिक पेरियासामी कुमारन को यूनाइटेड किंगडम में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया है।वहीं, वर्तमान में ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी को अब चीन में भारत का नया राजदूत बनाया गया है।विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को जारी एक आधिकारिक बयान में इन नियुक्तियों की पुष्टि की है।
- 1992 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी पेरियासामी कुमारन वर्तमान में विदेश मंत्रालय में सचिव (ईस्ट) के पद पर कार्यरत हैं। वह जल्द ही लंदन में अपना नया कार्यभार संभालेंगे। उनके पास विविध क्षेत्रों का व्यापक कूटनीतिक अनुभव है।
- उन्होंने अपने करियर की शुरुआत काहिरा (1994-1997) में तीसरे सचिव के रूप में की, जिसके बाद त्रिपोली और ब्रुसेल्स में तैनात रहे।
- बाद में उन्होंने विदेश मंत्रालय में उप सचिव (यूरोप पश्चिम) (2003-2005) के रूप में कार्य किया, जिसके बाद उन्होंने बेंगलुरु में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (2005-2007) का पदभार संभाला।
- इस्लामाबाद (2007-2009) और वाशिंगटन (2009-2011) में काउंसलर के रूप में, साथ ही कोलंबो में उप उच्चायुक्त (2011-2014) के रूप में कार्य किया।
- इसके बाद, कुमारन ने 2014 से 2016 तक विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (वाणिज्य दूतावास, पासपोर्ट और वीजा विभाग) का पद संभाला।
- उन्होंने कतर में भारत के राजदूत (2016-2020) और बाद में सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त (2020-2023) के रूप में कार्य किया।
- जुलाई 2023 में, उन्होंने अतिरिक्त सचिव (आर्थिक संबंध एवं विकास साझेदारी प्रशासन) के रूप में कार्यभार संभाला और बाद में इसी विभाग में विशेष सचिव के पद पर पदोन्नत हुए।
- 1 अप्रैल, 2025 को, उन्होंने विदेश मंत्रालय में सचिव (ईस्ट) का पदभार ग्रहण किया।
विक्रम दोरईस्वामी को चीन की जिम्मेदारी
ब्रिटेन में सफल कार्यकाल के बाद विक्रम दोरईस्वामी अब बीजिंग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह भी 1992 बैच के अधिकारी हैं और राजनयिक सेवा में आने से पहले एक वर्ष तक पत्रकारिता भी कर चुके हैं। चीन के साथ मौजूदा सीमा विवाद और द्विपक्षीय तनाव के बीच उनकी नियुक्ति को काफी अहम माना जा रहा है।
चीन ने किया स्वागत
भारत के इस फैसले का बीजिंग ने सकारात्मक स्वागत किया है। भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर कहा, “चीन भारत के नवनियुक्त राजदूत विक्रम के. दोरईस्वामी (चीनी नाम: वेई जियामेंग) का स्वागत करता है। हम उन्हें कार्यभार संभालने के लिए हर संभव सुविधा प्रदान करने के लिए तैयार हैं।”















