छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू (H5N1) के खतरे ने लोगों में डर पैदा कर दिया है। तखतपुर-नगोई नए बायपास रोड पर हाल ही में कई मृत मुर्गियां खुले में फेंकी गईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे और खुले मैदान में रखी गईं ये मुर्गियां आसपास के लोगों के लिए चिंता का कारण बन गई हैं।
मृत मुर्गियों को पहले बोरियों में भरकर सड़क किनारे फेंका गया था। इससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों में डर का माहौल बन गया। प्रशासन ने तुरंत स्थिति का जायजा लिया और मृत मुर्गियों को सुरक्षित तरीके से निपटाने के निर्देश दिए। लोग इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि खुले में मुर्गियां न फेंके और संदिग्ध पक्षियों के संपर्क से दूर रहें।
बिलासपुर में H5N1 वायरस की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन ने 1 किलोमीटर क्षेत्र को इन्फेक्टेड ज़ोन और 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलांस ज़ोन घोषित किया है। रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड विशेष निगरानी में हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने दिशा-निर्देश जारी कर कड़े कदम उठाए हैं।
इन्फेक्टेड और सर्विलांस ज़ोन में सभी पोल्ट्री गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। मुर्गी और अंडे की बिक्री, परिवहन और भंडारण पर रोक है। पोल्ट्री दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। डोर-टू-डोर डिलीवरी सेवाओं पर भी रोक है। शहर में चेकपोस्ट लगाकर निगरानी बढ़ाई गई है।
कुक्कुट फार्म के कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण किए जा रहे हैं। जिला कंट्रोल रूम स्थापित कर आपात स्थिति से निपटने के उपाय किए गए हैं। प्रशासन और विभाग मिलकर संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं।















