छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ हुई है। यह घटना पोलमपल्ली थाना क्षेत्र में हुई, जहां सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और फायरिंग शुरू हो गई। इलाके में तनावपूर्ण माहौल है और सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रहे हैं।
एक नक्सली ढेर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ में एक नक्सली के मारे जाने की खबर मिली है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है, क्योंकि ऑपरेशन लगातार जारी है और क्षेत्र घने जंगलों से घिरा हुआ है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और नक्सलियों की तलाश में सघन सर्चिंग की जा रही है।
सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। वे लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सुरक्षा बलों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।















