देश में एलपीजी की बढ़ती मांग और सप्लाई की कमी के बीच केंद्र सरकार ने एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए गैस सप्लाई को बेहतर तरीके से मैनेज करने की कोशिश की जा रही है।
सरकार ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिन घरों में पीएनजी पाइपलाइन उपलब्ध है, उन्हें अगले तीन महीने के भीतर पीएनजी पर शिफ्ट होना होगा। ऐसा नहीं करने पर एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई बंद की जा सकती है। इस फैसले के बाद कई घरों को पीएनजी कनेक्शन लेना होगा और एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना पड़ेगा।
इसी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सरकार ने हाल ही में MyPNG-D पोर्टल लॉन्च किया है। इस पोर्टल की मदद से लोग बिना गैस एजेंसी जाए ही अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर सकते हैं।
एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना हुआ आसान
पीएनजी और एलपीजी दोनों कनेक्शन एक साथ नहीं चल सकते। ऐसे में पीएनजी कनेक्शन मिलते ही एलपीजी कनेक्शन लौटाना जरूरी होगा। नए पोर्टल के जरिए यह काम अब काफी आसान हो गया है। यूजर्स अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या एलपीजी आईडी से ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
कैसे काम करेगा MyPNG-D पोर्टल ?
यह पोर्टल यूजर्स का समय बचाने और प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए तैयार किया गया है। इसमें लॉगिन करने के बाद ‘Switch to PNG Connection’ ऑप्शन चुनना होगा। इसके बाद एक डिजिटल फॉर्म भरकर कनेक्शन सरेंडर की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
फॉर्म सबमिट करने के बाद संबंधित गैस कंपनी ग्राहक से संपर्क करेगी और प्रक्रिया पूरी होने पर सिलेंडर वापस ले लिया जाएगा।
इस पहल से गैस वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को सुविधाजनक सेवा देने की कोशिश की जा रही है।
















