भारतीय रिजर्व बैंक इन दिनों बैंकिंग नियमों को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में एयरटेल पेमेंट्स बैंक पर बड़ी कार्रवाई की गई है। केंद्रीय बैंक ने नियमों का पालन न करने और वित्तीय रिपोर्ट में सही जानकारी न देने के चलते 31.8 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब देश में डिजिटल बैंकिंग तेजी से बढ़ रही है और ग्राहकों की सुरक्षा को सबसे अहम माना जा रहा है।
कहां हुई गलती ?
RBI के अनुसार, एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने वित्त वर्ष 2024-25 की अपनी सालाना रिपोर्ट में कुछ ग्राहकों की शिकायतों की पूरी जानकारी साझा नहीं की। जबकि नियमों के मुताबिक, बैंकों को ऐसी सभी शिकायतों को सार्वजनिक करना जरूरी होता है। इस लापरवाही को नियमों का उल्लंघन माना गया।
जांच में सामने आई कमियां
RBI ने 31 मार्च 2025 तक बैंक की वित्तीय स्थिति की जांच की थी। इस दौरान सामने आई कमियों के आधार पर बैंक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बैंक की ओर से जवाब और अतिरिक्त दस्तावेज दिए जाने के बाद भी RBI ने पाया कि आरोप सही हैं, जिसके चलते जुर्माना लगाया गया।
क्या ग्राहकों पर पड़ेगा असर?
RBI ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई सिर्फ नियमों के पालन में कमी को लेकर की गई है। इसका असर ग्राहकों के खातों, जमा रकम या लेनदेन पर नहीं पड़ेगा। ग्राहकों का पैसा पूरी तरह सुरक्षित है। यह कदम बैंक की कार्यप्रणाली में सुधार और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उठाया गया है।
बैंकिंग सेक्टर के लिए सख्त संदेश
हाल के महीनों में RBI ने कई बैंकों पर इसी तरह की कार्रवाई की है। एयरटेल पेमेंट्स बैंक पर लगा यह जुर्माना बाकी वित्तीय संस्थानों के लिए साफ संकेत है कि नियमों और पारदर्शिता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
















