बिहार के नालंदा से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां शीतला मंदिर में भगदड़ मचने से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए।
क्या है पूरा मामला?
नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव स्थित शीतला मंदिर में मंगलवार होने की वजह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। पूजा के दौरान अचानक भीड़ बेकाबू हो गई और देखते ही देखते भगदड़ मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही दीपनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शी ने क्या बताया?
मौके पर मौजूद एक युवक ने बताया कि सुबह से ही मंदिर में भारी भीड़ थी। सब कुछ सामान्य तरीके से चल रहा था, तभी अचानक भगदड़ मच गई। लोगों को समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ और अफरा-तफरी में लोग इधर-उधर भागने लगे।
उसने बताया कि वहां बैरिकेडिंग और लाइन की व्यवस्था भी थी, साथ ही सुरक्षा के लिए लोग भी तैनात थे। बावजूद इसके अचानक किसी के शोर मचाने के बाद हालात बिगड़ गए। यह मेला हर साल लगता है और अब तक सब कुछ ठीक रहता था, लेकिन इस बार हादसा हो गया।
















