बाबा केदार के भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इस साल अगर आप पैदल यात्रा की जगह हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम जाने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास परिषद (UCADA) ने केदारनाथ हेलीकॉप्टर सेवा के किराए (Kedarnath Heli Ticket Price 2026) जारी कर दिए हैं।
खास बात यह है कि इस बार कुछ रूट्स पर किराए में पिछले साल के मुकाबले कमी की गई है, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी। अब श्रद्धालु कम खर्च में भी हेली सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
किराया सूची: कहां से कितना लगेगा पैसा?
यूकाडा ने रुद्रप्रयाग जिले के तीन प्रमुख बेस कैंपों से किराया (Kedarnath Helicopter Booking) तय किया है। ध्यान रहे, यह किराया एक तरफ (One Way) का है और इसमें जीएसटी (GST) अलग से जुड़ेगा:
- सिरसी से केदारनाथ: ₹3,043 (पिछले साल सितंबर में यह ₹4,250 था, यानी इस बार जेब पर बोझ कम पड़ेगा)
- फाटा से केदारनाथ: ₹4,840
- गुप्तकाशी से केदारनाथ: ₹6,077
10 अप्रैल से शुरू होगी बुकिंग
केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलने जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हेलीकॉप्टर टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 10 अप्रैल से शुरू हो जाएगी।
धोखाधड़ी से बचने के लिए प्रशासन ने साफ किया है कि टिकट केवल IRCTC के अधिकृत पोर्टल https://www.heliyatra.irctc.co.in पर ही बुक किए जा सकेंगे। टिकट बुक करते समय यात्रियों को मामूली सुविधा शुल्क (Convenience Fee) भी देना होगा।
8 कंपनियां भरेंगी उड़ान
इस बार यात्रा को सुगम बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया के जरिए 8 हेली ऑपरेटरों का चयन किया गया है। ये कंपनियां गुप्तकाशी के दो, फाटा के चार और सिरसी के दो हेलीपैड से अपनी सेवाएं देंगी। प्रशासन ने इस बार व्यवस्था को पहले से ज्यादा सख्त और व्यवस्थित बनाया है ताकि यात्रियों को ब्लैक मार्केटिंग या फर्जी टिकटों की समस्या का सामना न करना पड़े।
















