नए वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत के साथ ही डिजिटल पेमेंट से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव लागू हो गया है। Reserve Bank of India (RBI) के नए निर्देशों के मुताबिक अब Unified Payments Interface (UPI) और अन्य ऑनलाइन पेमेंट के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) अनिवार्य कर दिया गया है।
अब Google Pay, Paytm और PhonePe जैसे ऐप्स से पेमेंट करने पर सिर्फ पिन डालना काफी नहीं होगा। ट्रांजेक्शन पूरा करने के लिए दो स्टेप की सुरक्षा प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
कैसे काम करेगा 2FA?
पहले यूजर्स QR कोड स्कैन करके सिर्फ 4 अंकों का पिन डालकर पेमेंट कर लेते थे। लेकिन अब पिन डालने के बाद दूसरी लेयर की सुरक्षा जरूरी होगी। इसमें OTP, फिंगरप्रिंट या फेस स्कैन में से किसी एक तरीके से वेरिफिकेशन करना होगा, तभी पेमेंट पूरा होगा।
पेमेंट का नया तरीका क्या होगा?
सबसे पहले QR कोड स्कैन करें, फिर अपना पिन डालें। इसके बाद अगर OTP मांगा जाता है तो SMS से मिले कोड को दर्ज करें। कुछ मामलों में फिंगरप्रिंट या फेस स्कैन के जरिए भी वेरिफिकेशन करना पड़ सकता है। ध्यान रहे, हर बार तीनों तरीके नहीं मांगे जाएंगे, बल्कि पिन के बाद किसी एक अतिरिक्त स्टेप से 2FA पूरा होगा।
क्यों किया गया बदलाव?
हाल के समय में बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराध को देखते हुए RBI ने यह कदम उठाया है। पहले सिर्फ पिन या OTP के जरिए होने वाले ट्रांजेक्शन में खामियों का फायदा उठाकर ठगी की जा रही थी। अब डबल सुरक्षा से यूजर्स का पैसा ज्यादा सुरक्षित रहेगा।
हालांकि, इस नए सिस्टम से पेमेंट में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है, लेकिन यह बदलाव डिजिटल लेन-देन को पहले से ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए किया गया ।
















