खाड़ी देशों में जारी युद्ध और अमेरिका-ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखने लगा है। हजारों किलोमीटर दूर चल रहे इस संकट का प्रभाव अब प्रदेश के बाजारों में नजर आ रहा है। कई महीनों की राहत के बाद राजधानी समेत प्रदेश में पेट्रोल की कीमतें 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गई हैं।
पेट्रोल महंगा, ऑटो LPG उपभोक्ताओं को बड़ा झटका
1 अप्रैल 2026 से तेल कंपनियों (IOCL, BPCL, HPCL) ने पेट्रोल की कीमतों में 1.01 से 1.26 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है। रायपुर में सामान्य पेट्रोल 100.45 रुपए प्रति लीटर हो गया है, जबकि प्रीमियम (XP-95) पेट्रोल 109.29 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
सबसे ज्यादा असर ऑटो LPG पर पड़ा है। इसकी कीमत में एक महीने के भीतर 25.28 रुपए प्रति लीटर की तेज बढ़ोतरी हुई है। 1 मार्च को जो कीमत 60.04 रुपए थी, वह अब बढ़कर 85.32 रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल की कीमत फिलहाल 93.39 रुपए प्रति लीटर पर स्थिर बनी हुई है।
सोना-चांदी बाजार में भारी उतार-चढ़ाव
वैश्विक अनिश्चितता के चलते सोने और चांदी के दामों में भी बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। पिछले चार दिनों में सोने की कीमत में करीब 4,600 रुपए की गिरावट आई है, जबकि चांदी 10,000 रुपए प्रति किलो तक महंगी हो गई है। 30 मार्च को 1.55 लाख के करीब रहा सोना 2 अप्रैल तक घटकर 1.51 लाख पर आ गया।
एक महीने में LPG 25 रुपए से ज्यादा महंगा
रायपुर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अनुसार, सामान्य पेट्रोल 1 रुपए से ज्यादा महंगा हुआ है, वहीं ऑटो LPG के दाम एक महीने में 25.28 रुपए प्रति लीटर बढ़ गए हैं। प्रीमियम ईंधन की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
गैस सिलेंडर की पैनिक बुकिंग शुरू
ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी और युद्ध जैसी खबरों के बीच रायपुर में गैस सिलेंडर की पैनिक बुकिंग शुरू हो गई है। हालांकि गैस एजेंसियों का कहना है कि सप्लाई पूरी तरह सामान्य है, लेकिन अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा बुकिंग कर रहे हैं।
अफवाहों से बढ़ी घबराहट
एलपीजी वितरक संघ के अनुसार, गैस की कोई कमी नहीं है और सप्लाई नियमित है। लेकिन पश्चिम एशिया में तनाव की खबरों के बाद लोगों में डर बढ़ गया है। इसी वजह से बुकिंग सामान्य से दोगुनी हो गई है, जिससे सिस्टम पर दबाव बढ़ रहा है।
















