शुक्रवार रात भारत के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया। दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कई इलाकों में भी धरती हिलती महसूस हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र में था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.9 मापी गई है। बताया जा रहा है कि भूकंप जमीन से करीब 175 किलोमीटर की गहराई में आया था।
भूकंप के झटकों के बाद खासकर कश्मीर के इलाकों में लोगों में घबराहट देखी गई। कई लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है। पंजाब के पठानकोट में रात करीब 9:50 बजे हल्के झटके महसूस किए गए, जबकि नोएडा में भी कुछ सेकंड तक कंपन महसूस हुआ।
क्यों आते हैं भूकंप ?
विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप का मुख्य कारण धरती के अंदर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल होती है। जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं, रगड़ती हैं या खिसकती हैं, तो ऊर्जा बाहर निकलती है और इसी वजह से धरती हिलती है।
















