सांबा जिला के एक गांव में तीन संदिग्ध लोगों के देखे जाने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। जानकारी मिलते ही रविवार को इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि दरुई क्षेत्र के बेध खड्ड के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने सूखे नाले के किनारे तीन अज्ञात लोगों को देखा, जिनमें से एक के पास बड़ा बैग था।
हथियार नजर नहीं आए, फिर भी सतर्कता
अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्धों के पास कोई हथियार नहीं दिखा, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें संदिग्ध मानते हुए कार्रवाई शुरू की गई। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने सेना और अर्द्धसैनिक बलों के साथ मिलकर इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया है।
नाकेबंदी कर चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन
सुरक्षा बलों ने पूरे गांव और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। फिलहाल संदिग्धों से आमना-सामना नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है। साथ ही उन्हें किसी भी बाहरी व्यक्ति को शरण न देने और तुरंत सूचना देने की सलाह दी गई है।
















