यूपी के बरेली जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सीबीगंज थाना क्षेत्र के परधोली के पास तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर में जा टकराई, जिससे 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोग फंस गए। शवों को निकालने के लिए पुलिस को गाड़ी काटनी पड़ी। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं, जबकि घायलों का इलाज प्राइवेट हॉस्पिटल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ की ओर आ रही बोलेरो की रफ्तार बहुत तेज थी। ड्राइवर गाड़ी पर कंट्रोल नहीं रख पाया और सीधे टैंकर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लोग मौके पर ही घायल या मृत हो गए। हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रही एक बाइक भी गाड़ी में जा घुसी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और एक युवक को कटर की मदद से गाड़ी से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तार से जांच कर रही है।
















