अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर ग्राम भिट्ठीकला के पास रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पैदल जा रही 3 महिलाओं को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने स्कॉर्पियो चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला और लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई।
सब्जी खरीदकर लौट रही थीं महिलाएं
बताया जा रहा है कि ग्राम भिट्ठीकला की तीनों महिलाएं शाम करीब 6:45 बजे सब्जी खरीदकर पैदल घर लौट रही थीं, तभी अंबिकापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
भीड़ का फूटा गुस्सा, ड्राइवर की पिटाई
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने चालक को वाहन से बाहर निकालकर पीटना शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही मृत महिलाओं के परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर रोने-बिलखने लगे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

मृतकों की पहचान ग्राम जोगीबांध निवासी मुन्नी बाई (50 वर्ष), श्यामपति (55 वर्ष) और रामबाई (50 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
















