छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अमरकंटक जा रही एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में रायपुर के दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी अंतर्गत ग्राम भसको के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग रायपुर से पूर्णिमा स्नान के लिए अमरकंटक जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
रायपुर के दो लोगों की मौत
हादसे में रामकुमार धीवर (45) निवासी कचना, थाना खम्हारडीह, रायपुर और राजकुमार साहू की मौत हो गई। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। राजकुमार साहू और आगे बैठे एक अन्य युवक करीब दो घंटे तक कार में फंसे रहे। पुलिस और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद शव और घायलों को बाहर निकाला गया।
तीन की हालत गंभीर
घायलों में कार चालक निलेश्वर धीवर (38) निवासी दलदल सिवनी रायपुर, सुखसागर मानिकपुरी (39) निवासी मजेठा थाना खरोरा और अमित चंद्रवंशी (39) निवासी दलदल सिवनी, मोवा रायपुर शामिल हैं। हादसे में चालक निलेश्वर धीवर के दोनों पैर टूट गए और वह कार में फंसे हुए थे। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों और घायलों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। इसके बाद परिजन रायपुर से रतनपुर पहुंचे, जहां उनकी मौजूदगी में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए और रायपुर ले जाया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
















