रायगढ़, 3 जनवरी 2026/
रायगढ़ शहर को सुव्यवस्थित, आधुनिक और नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए ठोस योजना के साथ लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह बात वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से बड़े विकास प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतारकर आम नागरिकों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में वित्त मंत्री श्री चौधरी ने आज शहर के विभिन्न वार्डों में 1 करोड़ 85 लाख 67 हजार रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्व छेरछेरा की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पहले रायगढ़ में केवल एक बड़ा गार्डन था, लेकिन अब आगामी पांच वर्षों में 10 बड़े गार्डनों की श्रृंखला विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी कड़ी में शहर के प्रमुख क्षेत्र इतवारी बाजार में 10 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ऑक्सीजोन का निर्माण तेजी से किया जा रहा है।

किसान राइस मिल के समीप 13 करोड़ रुपये, राजीव नगर में दुग्ध डेयरी के पास 4 करोड़ रुपये की लागत से गार्डन निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इसके अलावा कोसाबाड़ी बस डिपो, कयाघाट एवं खर्रा घाट में भी बड़े गार्डन विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहरवासियों के स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली के लिए आगामी समय में लगभग 20 स्थानों पर ओपन जिम भी विकसित किए जाएंगे।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि शहर में जहां-जहां खाली भूमि उपलब्ध है, वहां सुनियोजित ढंग से विकास कार्य किए जा रहे हैं। रायगढ़ की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 400 करोड़ रुपये की लागत से रिंग रोड परियोजना पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके साथ ही कोतरा रोड थाना चौक से ढिमरापुर, मेडिकल कॉलेज रोड, महापल्ली मार्ग तथा ढिमरापुर से जिंदल की ओर फोरलेन सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि चांदनी चौक, राजमहल चौक, इंदिरा नगर, कयाघाट एवं मेडिकल कॉलेज चौक जैसे प्रमुख स्थलों का एक साथ विकास कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे शहर का स्वरूप बदलेगा और यातायात व्यवस्था सुगम होगी। उन्होंने यह भी कहा कि बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ वार्ड स्तर पर छोटे-छोटे विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी जा रही है, ताकि विकास का लाभ शहर के हर नागरिक तक पहुंचे और रायगढ़ का समग्र विकास हो।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि पंजरी प्लांट क्षेत्र में फिलहाल कोई सामुदायिक भवन उपलब्ध नहीं है। इसे ध्यान में रखते हुए वहां उपयुक्त स्थान का चयन कर लगभग 25 लाख रुपये की लागत से एक सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा, जिससे सामाजिक आयोजनों, आजीविका गतिविधियों एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए सुविधा मिलेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार हेतु 1.5 लाख रुपये की राशि स्वेच्छानुदान से स्वीकृत की गई है, जिससे मंदिर का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि शहर में बड़े-बड़े विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुनियोजित विकास के तहत जहां एक ओर बड़े प्रोजेक्ट्स स्वीकृत किए जा रहे हैं, वहीं आमजन से जुड़े छोटे-छोटे कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ मंजूरी दी जा रही है।
इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्री डिग्री लाल साहू, श्री अरुणधर दीवान, श्री सुरेश गोयल, पूर्व विधायक श्री विजय अग्रवाल, श्री पंकज कंकरवाल, श्री विवेक रंजन सिन्हा, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री पावन अग्रवाल, श्री विकास केडिया, श्री गौतम अग्रवाल, श्री पवन शर्मा, श्री सतपाल बग्गा, श्री दीपेश सोलंकी, श्रीमती शीला तिवारी, एमआईसी सदस्यगण, पार्षद श्रीमती अनुपमा शाखा यादव, पार्षद श्री शेख सलीम नियारिया, पार्षद श्री अक्षय कुलदीप, मधु नायक, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एसडीएम श्री महेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
युवाओं के भविष्य के लिए 40 करोड़ का नालंदा परिसर
वित्त मंत्री ने बताया कि युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए 40 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण अंतिम चरण में है। यह परिसर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।
इसके साथ ही फिजियोथेरेपी कॉलेज, प्रयास विद्यालय, कला एवं संगीत महाविद्यालय तथा हार्टीकल्चर कॉलेज जैसे शैक्षणिक संस्थानों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में रायगढ़ को नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने बताया कि गढ़उमरिया में बालिकाओं के लिए ‘नव गुरुकुल’ की स्थापना की गई है, जहां दो वर्षों का पूर्णतः निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान आवास, भोजन एवं अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद बालिकाएं 40 हजार रुपये से अधिक की आय अर्जित करने में सक्षम होंगी।
इन कार्यों का हुआ शिलान्यास
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने आज शहर के विभिन्न वार्डों में 1 करोड़ 85 लाख 67 हजार रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें वार्ड क्रमांक 01 में ओमप्रकाश के घर के सामने शेड निर्माण कार्य (5.55 लाख), पटेल के घर से सुरेश साहू के घर, नागेश सोनी के घर एवं सिदार घर से पटवा के घर तक आरसीसी स्लैब निर्माण कार्य (1.66 लाख) शामिल है।
वार्ड क्रमांक 02 में शंकर मंदिर से पवन गुप्ता के घर तक सीसी सड़क निर्माण (12.29 लाख) किया गया।
वार्ड क्रमांक 03 में द्रोपती के घर से राजकुमार के घर तक सीसी सड़क (3.88 लाख), राजू कुम्हार के घर से भगतु के घर तक नाली निर्माण (3.61 लाख) एवं विपिन डेहरी के घर से मालती के घर तक नाली निर्माण (4.30 लाख) किया गया।
वार्ड क्रमांक 04 में नानदाई के घर से सुनाउ चौहान के घर तक सीसी सड़क (3.86 लाख) तथा उर्मिला भगत के घर से कपिल तिग्गा होते हुए मदन रामभगत के घर तक सीसी सड़क (9.36 लाख) शामिल है।
वार्ड क्रमांक 12, 13, 14, 15, 17 एवं 25 में भी सीसी सड़क, आरसीसी नाली एवं सामुदायिक भवन निर्माण जैसे विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।
















