आंध्र प्रदेश के डॉ. बीआर अंबेडकर कोनासीमा जिले में ONGC के मोरी-5 गैस कुएं में जोरदार धमाका हुआ है। सोमवार दोपहर से शुरू हुई आग मंगलवार तक जारी रही। लपटें आसमान की ओर उठ रही हैं और आसपास का क्षेत्र घने काले धुएं से ढक गया है। रेजोल शहर के कुछ हिस्सों में धुआं इतनी मात्रा में फैला कि दृश्यता बेहद कम हो गई। भीषण आग ने स्थानीय लोगों में डर और घबराहट पैदा कर दी है।
फायर ब्रिगेड और राहत टीमें रातभर लगातार मौके पर कार्यरत रहीं। उनका मुख्य ध्यान कुएं के मुहाने को ठंडा रखने और आग को पास के नारियल के बागानों और मछली तालाबों तक फैलने से रोकने पर है। अधिकारियों के अनुसार, अभी तक किसी जान-माल का नुकसान रिपोर्ट नहीं हुआ है, लेकिन स्थिति गंभीर बनी हुई है।
आग बुझाने के लिए क्या हो रहा है प्रयास?
दिल्ली से क्राइसिस मैनेजमेंट की एक विशेषज्ञ टीम आज सुबह घटनास्थल पर पहुंच रही है। यह टीम वेल कंट्रोल ऑपरेशन का नेतृत्व करेगी। फिलहाल फायर फाइटिंग टीम नरसापुरम से लाई गई हाई-प्रेशर पाइपलाइन का इस्तेमाल कर रही है। चारों तरफ से पानी छिड़क कर ‘वॉटर अम्ब्रेला’ बनाया जा रहा है, जिससे कुएं का मुहाना ठंडा रहे और आग पास के नारियल के पेड़ों या जलाशयों तक न फैल पाए।
















