जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में कमाध नाले के पास घने जंगलों में आतंकियों के छिपे होने की खबर मिलने के बाद बुधवार सुबह पुलिस की एसओजी टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। ऑपरेशन के दौरान आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच फायरिंग भी हुई है। इसमें एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। हालात को देखते हुए पंजाब बॉर्डर पर भी अलर्ट बढ़ा दिया गया है।

सुरक्षाबलों ने जंगल के आसपास के इलाकों को घेर लिया है और आतंकियों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इसी दौरान दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। इस ऑपरेशन में एसओजी कमांडो, स्पेशल टीम और स्थानीय पुलिस मिलकर काम कर रही है। कठुआ में चल रही इस कार्रवाई का असर पास के पंजाब इलाकों में भी देखने को मिल रहा है।
कठुआ से सटे बमियाल सेक्टर और पंजाब के नरोट जैमल सिंह इलाके में पुलिस ने सुरक्षा और कड़ी कर दी है। पठानकोट और गुरदासपुर के सीमा से लगे गांवों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
नाकाबंदी और जांच तेज
पुलिस ने बमियाल रोड, कस्बे के एंट्री पॉइंट्स और मुख्य सड़कों पर नाकाबंदी कर दी है। यहां आने-जाने वाले हर वाहन की जांच की जा रही है। पठानकोट में भी रात से ही वाहनों की चेकिंग चल रही है। निजी और व्यावसायिक दोनों तरह के वाहनों की तलाशी ली जा रही है। इसके साथ ही गांवों में पैदल सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।
















