राजनांदगांव। चिचोला इलाके में नकली यूरिया के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस और संबंधित कंपनियों के अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई में जुम्मन रेस्टोरेंट से करीब तीन हजार लीटर नकली यूरिया जब्त किया गया है।
बताया जा रहा है कि इस नकली यूरिया को ट्रकों में इस्तेमाल के लिए नामी कंपनियों के ब्रांड और लेबल लगाकर बेचा जा रहा था। पुलिस के मुताबिक रेस्टोरेंट परिसर से 147 बाल्टियों में भरा नकली यूरिया बरामद किया गया है।
जांच में सामने आया है कि जब्त किए गए यूरिया पर टाटा मोटर्स, अशोक लीलैंड और महिंद्रा जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के स्टीकर लगाए गए थे, ताकि इसे असली बताकर बाजार में खपाया जा सके।
नकली यूरिया की बिक्री की जानकारी मिलने पर संबंधित कंपनी के अधिकारियों की टीम चिचोला पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रेस्टोरेंट में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट का संचालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं रेस्टोरेंट में काम कर रहे कुछ कर्मचारियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
ब्लैक मार्केट का कारिडोर है ये हाईवे
- एनएच 53 में महाराष्ट्र से लगी छत्तीसगढ़ की सरहद से लेकर तुमड़ीबोड़ तक का इलाका ब्लैक मार्केट कारिडोर बन चुका है।
- नकली यूरिया की बड़ी खेप पकड़ जाने से करीब पांच माह पहले जीएसटी की टीम ने एक ढाबे से हजारों लीटर बेस आयल बरामद किया था।
- यहां फेन्नी इंटरप्राइजेज गुजरात के कारोबारी द्वारा इसे डीजल बताकर खपाया जा रहा था।
- जीएसटी की टीम ने तब 64 करोड़ रुपये का लेन-देन पकड़ा था।















