हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार इलाके में एक निजी बस अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
हादसे में करीब एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। अब तक लगभग 30 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। स्थानीय लोग मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है।
बताया जा रहा है कि जीत कोच नामक निजी बस शिमला जिले के कुपवी से सोलन की ओर जा रही थी। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण सड़क पर फिसलन थी, जिससे बस चालक का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही संगड़ाह, राजगढ़ और नौहराधार से पुलिस बल मौके के लिए रवाना हो गया है। वहीं, सिरमौर जिले के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी भी नाहन से दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं।
















