पंजाब के होशियारपुर में आज सुबह दसूहा मुख्य सड़क पर अड्डा दोसड़क के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां बस और कार की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह दुर्घटना शनिवार तड़के करीब चार बजे की बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। कार में सवार सभी लोग हिमाचल प्रदेश के गगरेट क्षेत्र के रहने वाले थे। पुलिस ने मृतकों के शवों को अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है, जबकि घायल का इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतकों के नाम
मिली जानकारी के अनुसार, कार नंबर HP-72-6869 में सवार सुखविंदर सिंह (45) पुत्र हरनाम सिंह, सुशील कुमार (46) पुत्र देसराज, ब्रिज कुमार (38) पुत्र महिंदर कुमार, अरुण कुमार (45) पुत्र गुरपाल सिंह,
निवासी चलेत गांव (दौलतपुर, हिमाचल प्रदेश), अमृत कुमार को विदेश जाने के लिए अमृतसर एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे।
जब वे अड्डा दुसड़का पहुंचे तो दसूहा से होशियारपुर जा रही रोडवेज की बस के साथ उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि अमृत कुमार घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।
















