आज के दौर में फर्जीवाड़े और साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। आए दिन लोग डिजिटल फ्रॉड का शिकार हो रहे हैं, जिसमें छोटे व्यापारी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। कई मामलों में सामने आया है कि जालसाजों ने दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को फर्जी जीएसटी नोटिस (Fake GST Notice) भेजकर उनसे लाखों रुपये की ठगी की है। ऐसे में जब भी आपके पास जीएसटी से जुड़ा कोई नोटिस आए, तो उसे नजरअंदाज करने की बजाय पहले उसकी जांच करना बेहद जरूरी है।
इसी को लेकर केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा की है। बोर्ड ने बताया है कि जीएसटी नोटिस की असलियत कैसे जांची जा सकती है और किन तरीकों से आप खुद को ठगी से बचा सकते हैं।
फर्जी GST नोटिस से करते हैं ठगी
स्कैमर्स नकली जीएसटी नोटिस भेजकर व्यापारियों को डराने-धमकाने की कोशिश करते हैं और उनसे पैसे ऐंठ लेते हैं। ये फेक नोटिस देखने में बिल्कुल जीएसटी विभाग की आधिकारिक चिट्ठी जैसे होते हैं। इनमें विभाग का लोगो तक लगाया जाता है और साथ ही एक नकली डॉक्यूमेंट आइडेंटिफिकेशन नंबर (DIN) भी लिखा होता है। यही DIN नंबर वह सबसे अहम कड़ी है, जिसकी मदद से आप यह पता कर सकते हैं कि नोटिस असली है या फर्जी।
ऑफिशियल वेबसाइट पर करें वेरिफिकेशन
GST नोटिस की सच्चाई जानने के लिए आपको सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेज एंड कस्टम्स (CBIC) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डॉक्यूमेंट आइडेंटिफिकेशन नंबर (DIN) को वेरीफाई करना चाहिए। DIN चेक करते ही साफ हो जाएगा कि आपके पास आया नोटिस असली है या नकली।
30 सेकंड में पता करें GST को नोटिस फर्जी या असली?
डॉक्यूमेंट आइडेंटिफिकेशन नंबर (DIN) GST डिपार्टमेंट द्वारा जारी हर ऑफिशियल कम्युनिकेशन के लिए एक यूनिक ID नंबर है।
GST डिपार्टमेंट से भेजे गए किसी भी कम्युनिकेशन पर DIN यूटिलिटी सर्च की असलियत चेक करने के लिए ये स्टेप्स फॉलो करें:
- सबसे पहले, डॉक्यूमेंट पर DIN ढूंढें। यह आमतौर पर कम्युनिकेशन में “CBIC-YYYY MM ZCDR NNNN” फॉर्मेट में साफ तौर पर दिखाया जाता है।
- DIN मिलने के बाद, ऑफिशियल CBIC पोर्टल पर जाएं। ‘ऑनलाइन सर्विसेज’ टैब के तहत ‘Verify CBIC DIN GST’ ऑप्शन पर क्लिक करें।
- आपको जो DIN नंबर मिला है, उसे DIN फील्ड में एंटर करें।
- ‘सबमिट’ बटन दबाएं। अगर डॉक्यूमेंट असली है या नकली, तो यह सुविधा एक कन्फर्मेशन मैसेज दिखाएगी।
- अगर आपको कन्फर्मेशन मैसेज नहीं दिखाई देता है तो इसे तुरंत साइबर सेल में रिपोर्ट करें। आप सीधा 1030 पर कॉल करके तुरंत इसे रिपोर्ट कर सकते हैं।
















