कर्नाटक के बीदर में मकर संक्रांति के मौके पर पतंग उड़ाने के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ। चाइनीज़ मांझे से बाइक सवार का गला कट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय कुमार होसानमनी (48) के रूप में हुई है, जो बंबुलगी गांव, बीदर तालुक के निवासी थे। यह घटना चितगुप्पा तालुक के तालामडगी गांव के पास हुई, जब सड़क पर पड़ी चाइनीज़ मांझे की डोर उनके गले में उलझ गई। बाइक से गिरने के बाद ज्यादा खून बहने की वजह से उनकी जान चली गई।

संजय कुमार अपनी बेटी को संक्रांति के उत्सव के लिए हॉस्टल से वापस हुमनाबाद ले जा रहे थे। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए मन्नेखल्ली सरकारी अस्पताल भेजा गया है। यह मामला मन्नेखल्ली पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता है और जांच जारी है।
मांझे की डोर गले में फंसी
जानकारी के अनुसार, संजय मोटरसाइकिल चला रहे थे जब सड़क पर पड़ी मांझे की डोर उनके गले में फंस गई। इससे उनका गला कट गया और वे नीचे गिर पड़े। चोट लगने और ज्यादा खून बहने की वजह से उनकी मौत हो गई। मृतक 48 साल के थे और लॉरी क्लीनर का काम करते थे।
चाइनीज़ मांजा पर लगी है रोक
पिछले तीन दिनों से पूरे ज़िले में एक अभियान चलाया जा रहा है। संक्रांति त्योहार को देखते हुए पतंग उड़ाने के लिए मांझे के धागे के इस्तेमाल पर पहले ही रोक लगा दी गई है।
इसके बावजूद, जानकारी मिली है कि कुछ दुकानें अभी भी यह बैन धागा बेच रही हैं।दो-तीन जगहों से इसे ज़ब्त किया गया है और एक बार फिर सभी दुकान मालिकों को साफ तौर पर चेतावनी दिया गया है कि बैन मांझे के धागे को बेचने या इस्तेमाल करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















