जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में एक बार फिर पाकिस्तान की नापाक गतिविधि सामने आई है। 15 जनवरी, गुरुवार शाम को पुंछ जिले के लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) से सटे संवेदनशील क्षेत्रों और सांबा जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) के पास पाकिस्तानी ड्रोन की मौजूदगी देखी गई। इसके बाद भारतीय सुरक्षा बलों ने तुरंत मोर्चा संभाला।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पुंछ के दिगवार सेक्टर के ऊपर एक ड्रोन कुछ देर तक उड़ता रहा, जिसे देखते ही भारतीय सेना के जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की।
उधर, सांबा जिले में भी IB के नजदीक एक संदिग्ध ड्रोन की गतिविधि नजर आई। इसके कुछ ही देर बाद रामगढ़ सेक्टर में एक और ड्रोन देखे जाने की सूचना मिली। किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरे इलाके में सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त और एरिया डोमिनेशन बढ़ा दी गई है, साथ ही निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां आगे की जानकारी जुटा रही हैं।















