देश के अलग-अलग हिस्सों में पिछले कुछ समय से भूकंप की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में सोमवार को भारत के केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के लेह में भी तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोग सहम गए।
मिली जानकारी के अनुसार, लेह-लद्दाख में आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.7 दर्ज की गई। इस स्तर का भूकंप आमतौर पर काफी प्रभावशाली और नुकसान पहुंचाने वाला माना जाता है।
कहां था भूकंप का केंद्र?
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) ने बताया कि लद्दाख में भूकंप सोमवार को दोपहर करीब 11 बजकर 56 मिनट पर आया। इसकी तीव्रता 5.7 मापी गई और भूकंप का केंद्र लेह क्षेत्र में जमीन से लगभग 171 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
दिल्ली में भी आया भूकंप
सोमवार को भारत की राजधानी दिल्ली में भी सुबह-सुबह ही भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। नेशनल सेंटर फोर सिस्मोलॉजी ने जानकारी दी थी कि राजधानी दिल्ली को सुबह 8 बजकर 44 मिनट पर भूकंप आया। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 थी और भूकंप का केंद्र उत्तरी दिल्ली में धरती से 5 किलोमीटर की गहराई में था।
क्यों आते हैं भूकंप?
दरअसल, हमारी पृथ्वी में 7 टेक्टोनिक प्लेटें होती हैं। ये टेक्टोनिक प्लेट्स अपने-अपने क्षेत्र में घूमते रहते हैं। हालांकि, घूमने के दौरान ये टेक्टोनिक प्लेटें कई बार एक फॉल्ट लाइन पर टकराती हैं। अब इनके टकराने के कारण घर्षण पैदा होता जिससे ऊर्जा निकलती है। ये ऊर्जा बाहर निकलने का रास्ता खोजती हैं। इसी कारण धरती पर भूकंप की घटनाएं देखने को मिलती रहती हैं।
















