वाहन चालकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अब टोल प्लाजा पर रुककर टोल टैक्स चुकाने की परेशानी जल्द ही खत्म होने वाली है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल वसूली की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जा रहा है।
इसके तहत टोल प्लाजा और बैरियर हटाए जाएंगे। उनकी जगह मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम लागू किया जाएगा, जिसमें वाहन चलते-चलते ही बिना रुके टोल टैक्स का भुगतान कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था का ट्रायल 26 जनवरी से शुरू किया जाएगा। फिलहाल यह ट्रायल हरियाणा और गुजरात में किया जा रहा है।
हरियाणा में नेशनल हाईवे पर स्थित बसताड़ा टोल प्लाजा पर मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम की शुरुआत की जा रही है। इसके लागू होने के बाद वाहन चालकों को न तो टोल प्लाजा पर रुकना पड़ेगा और न ही लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ेगा।
100 फीसदी टोल वसूली का दावा
अधिकारियों का कहना है कि मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम लागू होने से टोल चोरी की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी और सभी वाहनों से टोल वसूली सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे सरकार के राजस्व में बढ़ोतरी होगी, वहीं वाहन चालकों को समय की बचत, ईंधन की खपत में कमी और ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी। ट्रायल सफल रहने पर इस व्यवस्था को पूरे देश के राजमार्गों पर लागू किया जाएगा।
















