रायगढ़, 20 जनवरी।
थाना कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित सलमान पान पैलेस में हुई चोरी की घटना का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस मामले में 9 जनवरी 2026 को इंदिरा नगर निवासी अली रजा (27 वर्ष) ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके पिता जाकीर अली इंदिरा नगर में सलमान पान पैलेस नाम से दुकान चलाते हैं। 8 जनवरी की रात करीब 11:20 बजे दुकान बंद कर ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर ताला टूटा मिला, सामान बिखरा हुआ था और गल्ला भी टूटा हुआ था। दुकान से राजश्री गुटखा का कट्टा, बड़ी सिगरेट, रजनीगंधा, अन्य गुटखा सामग्री और करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी हो गए थे।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 18/2026 धारा 331(4), 305 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल को मुखबिर से सूचना मिली कि रामभांठा जयस्तंभ चौक के पास दो युवक राजश्री गुटखा और सिगरेट थोक में बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम प्रेम टंडन और मनीष जाटवर उर्फ विक्की बताए और स्वीकार किया कि उन्होंने 8 जनवरी की रात इंदिरा नगर हनुमान मंदिर के सामने स्थित पान दुकान का ताला तोड़कर राजश्री गुटखा, सिगरेट, अन्य गुटखा सामग्री और गल्ले में रखी नकदी चोरी की थी। चोरी के बाद वे टूटा ताला और लोहे का रॉड स्कूटी से घर ले गए थे। कुछ गुटखा और सिगरेट उन्होंने पुरी जाने के दौरान ट्रेन में बेच दी, जबकि चोरी की नकदी और बिक्री से मिली रकम ओडिशा के पुरी में घूमने-फिरने में खर्च कर दी।
पुलिस ने आरोपी प्रेम टंडन के कब्जे से 53 पैकेट राजश्री गुटखा (कीमत करीब 13 हजार रुपये), एक मुड़ा हुआ लोहे का रॉड, दो टूटे ताले और नीले रंग की स्कूटी क्रमांक CG 13 BG 0582 जब्त की है। वहीं आरोपी मनीष जाटवर उर्फ विक्की से करीब 6 हजार रुपये की गुटखा सामग्री बरामद की गई है।
प्रकरण में आरोपी प्रेम टंडन पिता अनुज टंडन उम्र 18 वर्ष निवासी जयस्तंभ चौक रामभांठा और मनीष जाटवर उर्फ विक्की पिता सरजून जाटवर उम्र 22 वर्ष निवासी जयस्तंभ चौक रामभांठा थाना कोतवाली रायगढ़ को 20 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरे मामले के खुलासे में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत, आरक्षक मनोज पटनायक, कमलेश यादव और जगन्नाथ साहू की अहम भूमिका रही।
















