वसंत पंचमी पर मां वाग्देवी की पूजा को लेकर धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला परिसर पर सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुना दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने वसंत पंचमी के दिन मध्य प्रदेश के धार जिले में स्थित विवादित भोजशाला में हिंदुओं को सूर्योदय से सूर्यास्त तक पूजा करने की अनुमति दी है। वहीं मुसलमानों को भी दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक शुक्रवार की नमाज अदा करने की इजाजत दी गई है।
8 हजार पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
शुक्रवार, 23 जनवरी को वसंत पंचमी के मौके पर भोजशाला में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों को पूजा और नमाज की अनुमति दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए धार जिले में 8 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए जाएंगे।
भोजशाला परिसर में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। इंदौर रेंज के आईजी अनुराग और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की आईजी नीलू भट्टाचार्य समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने बुधवार को भोजशाला परिसर का निरीक्षण भी किया।
















