छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजर में एक फैक्ट्री में बड़ी आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 6 मजदूरों की मौत हो गई और 10 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं।
यह घटना भाटापारा इलाके की प्राइवेट इस्पात स्पंज आयरन फैक्ट्री में हुई। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग फैल गई। कुछ ही समय में पूरी फैक्ट्री आग की लपटों में घिर गई और कई मजदूर झुलस गए।

विस्फोट से मचा हड़कंप
फैक्ट्री के स्पंज आयरन प्लांट के कोल कीलन में हुए विस्फोट से इलाके में डर फैल गया। फैक्ट्री में आग लगने पर चीख-पुकार मच गई। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे लोग संभल भी नहीं पाए।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में फैक्ट्री में तकनीकी खराबी या मशीनों पर दबाव बढ़ने के कारण विस्फोट होने की संभावना बताई जा रही है। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को मदद देने और घायलों का बेहतर इलाज कराने की बात कही है।
















