इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) को आधिकारिक रूप से सूचित कर दिया है कि भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड खेलेगा। इस बारे में समाचार एजेंसी पीटीआई ने जानकारी दी है।
आईसीसी ने यह फैसला बांग्लादेश के भारत आकर वर्ल्ड कप मैच खेलने से इनकार करने के बाद लिया है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टूर्नामेंट में हिस्सा न लेने का फैसला किया था। बताया जा रहा है कि यह फैसला मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर किए जाने के बाद लिया गया।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी चेयरमैन जय शाह इस समय दुबई में हैं और बीसीबी चेयरमैन अमिनुल इस्लाम बुलबुल को इस संबंध में एक आधिकारिक ई-मेल भेजा जा चुका है।
बीती शाम भेजा गया ई-मेल
सूत्रों के हवाले से पीटीआई ने बताया कि बीसीबी को 24 घंटे का समय दिया गया था ताकि वह भारत आने को लेकर अपनी स्थिति साफ करे, लेकिन तय समय में जवाब नहीं मिलने के बाद आईसीसी ने यह फैसला ले लिया।
सूत्र ने यह भी कहा कि बीसीबी ने ढाका में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जो आईसीसी के नियमों के खिलाफ थी। इसके बाद बोर्ड को साफ तौर पर बता दिया गया कि उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है।
बीसीबी ने नहीं बदला फैसला
बांग्लादेश के खेल मंत्रालय के सचिव आसिफ नजरुल ने टीम को भारत भेजने से मना कर दिया था और सुरक्षा को वजह बताया था। हालांकि, आईसीसी ने कई बार भरोसा दिलाया कि भारत में टीम को किसी तरह का खतरा नहीं है।
वहीं क्रिकेट स्कॉटलैंड ने कहा है कि उन्हें अभी तक आधिकारिक पत्र नहीं मिला है, लेकिन जल्द ही इसकी पुष्टि हो सकती है।
*स्कॉटलैंड का मैच शेड्यूल*
स्कॉटलैंड अपने ग्रुप मुकाबले वेस्टइंडीज, इटली और इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगा।
- पहला मैच: 7 फरवरी – वेस्टइंडीज के खिलाफ
- दूसरा मैच: 9 फरवरी – इटली के खिलाफ
- तीसरा मैच: 14 फरवरी – इंग्लैंड के खिलाफ (कोलकाता)
- आखिरी मैच: 17 फरवरी – नेपाल के खिलाफ (मुंबई)
















