फरवरी का महीना शुरू होते ही आम लोगों से जुड़ी कई अहम बदलाव लागू होने जा रहे हैं। टैक्स, एलपीजी गैस सिलेंडर, FASTag, तंबाकू उत्पाद, बैंकिंग और शेयर बाजार से जुड़े नियम 1 फरवरी 2026 से बदलेंगे। इन बदलावों का सीधा असर लोगों की जेब, खर्च और वित्तीय योजना पर पड़ेगा, इसलिए पहले से इनके बारे में जानना जरूरी है।
बजट 2026 पर टिकी निगाहें
1 फरवरी 2026 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में केंद्रीय बजट पेश करेंगी। यह उनका लगातार नौवां बजट होगा। मौजूदा समय में नई टैक्स व्यवस्था के तहत 12.75 लाख रुपये तक की आय टैक्स फ्री है, लेकिन बजट में पुराने और नए टैक्स सिस्टम को लेकर बड़े ऐलान हो सकते हैं। इससे नौकरीपेशा और मध्यम वर्ग पर सीधा असर पड़ने की संभावना है।
FASTag नियमों में राहत
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने FASTag से जुड़ी KYC प्रक्रिया को आसान कर दिया है। 1 फरवरी से FASTag एक्टिवेट कराने के बाद अलग से KYC कराने की जरूरत नहीं होगी। अब वाहन से जुड़ी जानकारी VAHAN डाटाबेस के जरिए जांचने की जिम्मेदारी FASTag जारी करने वाले बैंकों की होगी। इससे FASTag लेने की प्रक्रिया और सरल हो जाएगी।
LPG सिलेंडर की नई कीमतें होंगी तय
हर महीने की तरह 1 फरवरी को एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें जारी की जाएंगी. घरेलू और कमर्शियल दोनों सिलेंडरों के दाम बदले जा सकते हैं. खासकर 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बदलाव से होटल और रेस्टोरेंट से लेकर आम लोगों की जेब पर असर पड़ेगा.
CNG, PNG और एविएशन फ्यूल के दाम
1 फरवरी से CNG, PNG और एविएशन फ्यूल की कीमतों में भी बदलाव संभव है. अगर CNG और PNG महंगे होते हैं तो घरेलू खर्च और यात्रा लागत बढ़ सकती है, वहीं एविएशन फ्यूल के दाम बढ़ने से हवाई टिकट भी महंगे हो सकते हैं.
पान मसाला और सिगरेट होंगी महंगी
तंबाकू उत्पादों पर सरकार सख्त रुख अपनाने जा रही है. 1 फरवरी से सिगरेट, पान मसाला और तंबाकू के दाम 15 से 40 फीसदी तक बढ़ सकते हैं. इन पर 40 फीसदी GST, नई एक्साइज ड्यूटी और अतिरिक्त सेस लगाया जाएगा.
बैंकिंग और KYC से जुड़े नियम
RBI गैर-KYC और लंबे समय से निष्क्रिय बैंक खातों पर सख्ती कर सकता है. ऐसे खातों को फ्रीज किया जा सकता है. इसके अलावा फरवरी में साप्ताहिक छुट्टियों और क्षेत्रीय त्योहारों को मिलाकर करीब 10 बैंक छुट्टियां रहेंगी.
बजट डे पर खुले रहेंगे शेयर बाजार
बजट वाले दिन यानी 1 फरवरी को शेयर बाजार खुले रहेंगे. NSE और BSE में सुबह 9:15 बजे से 3:30 बजे तक सामान्य कारोबार होगा. बजट सुबह 11 बजे पेश किया जाएगा, ऐसे में बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
आम आदमी की जेब पर कुल असर
1 फरवरी 2026 से लागू होने वाले ये सभी बदलाव सीधे तौर पर आम आदमी के बजट, खर्च और वित्तीय योजनाओं को प्रभावित करेंगे. टैक्स से लेकर ईंधन और रोजमर्रा की जरूरतों तक, हर मोर्चे पर सोच-समझकर प्लानिंग करना जरूरी होगा.















