जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के डोलगाम इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों को मार गिराने के लिए एनकाउंटर शुरू कर दिया है। फिलहाल दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह सुरक्षाबलों ने डोलगाम इलाके में छिपे आतंकियों से संपर्क स्थापित किया और उन्हें घेर लिया। सेना ने बताया कि ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए सभी खुफिया जानकारी और स्रोतों का समन्वय किया गया है।
सुरक्षाबलों ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थानीय लोगों को अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। ऑपरेशन जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इलाके की घेराबंदी कर गोलीबारी जारी
व्हाइट नाइट कोर ने X शेयर किए पोस्ट में लिखा कि जम्मू-कश्मीर में चल रहे जॉइंट ऑपरेशन त्राशी-I के दौरान, 31 जनवरी की सुबह व्हाइट नाइट कोर, जम्मू और कश्मीर पुलिस और CRPF के जवानों ने दोलगाम के सामान्य इलाके में आतंकियों से फिर से संपर्क स्थापित किया।
चारों तरफ से इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और ऑपरेशन जारी है। पिछले पखवाड़े में यह चौथी बार है जब इलाके में आतंकवादियों से संपर्क स्थापित किया गया है। उत्तरी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने किश्तवाड़ का दौरा कर आतंकवाद विरोधी ग्रिड की समीक्षा की, क्योंकि जिले में छिपे जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों के समूह को खत्म करने के लिए चल रहा आतंकवाद विरोधी अभियान जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि चल रहे ऑपरेशन के दौरान राष्ट्र विरोधी तत्वों द्वारा दुरुपयोग को रोकने के लिए सिंहपोरा, चिंगम और चतरू को कवर करने वाले छह किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।
















