रायगढ़, 1 फरवरी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले में किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इन्हीं निर्देशों के तहत थाना कोतरारोड़ क्षेत्र के कुरमापाली पेट्रोल पंप पर पेट्रोलकर्मियों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर गैर-जमानतीय धाराओं में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले की रिपोर्ट खगपति पटेल (53 वर्ष), निवासी ठाकुरपाली ने थाना कोतरारोड़ में दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 1 फरवरी 2026 की सुबह करीब 7 बजे वे पेट्रोल पंप पर मौजूद थे। उनके साथ रात्रि शिफ्ट के कर्मचारी कमलेश पटेल और मनीष कुमार पटेल भी थे। इसी दौरान दो युवक शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। मना करने पर उन्होंने गाली-गलौच शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। कर्मचारियों के बीच-बचाव करने पर दोनों युवक मोटरसाइकिल से मौके से चले गए।
कुछ देर बाद दोनों युवक अपने दो अन्य साथियों के साथ वापस आए और तीनों कर्मचारियों पर दोबारा हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 31/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 117(2), 119(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। घायल खगपति पटेल, कमलेश पटेल और मनीष कुमार को शासकीय जिला चिकित्सालय रायगढ़ भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान भानू प्रताप बघेल, कौशल बघेल, सुभाष बघेल और उत्तरा कुमार बघेल, सभी निवासी ग्राम गोर्रा, के रूप में हुई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया है।
पुलिस ने आरोपी भानू प्रताप बघेल से घटना में प्रयुक्त होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 AY 6019) और आरोपी सुभाष बघेल से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 BD 6204) जब्त की है, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 25-25 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में भानू प्रताप बघेल (42 वर्ष), कौशल बघेल (40 वर्ष), उत्तरा कुमार बघेल (40 वर्ष) और सुभाष बघेल (23 वर्ष) शामिल हैं। सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी भानू प्रताप बघेल, कौशल बघेल और उत्तरा कुमार आदतन अपराधी प्रवृत्ति के हैं, जिनके खिलाफ पहले भी मारपीट के मामले दर्ज हैं। इन पर पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के साथ प्रधान आरक्षक करुणेश कुमार राय तथा आरक्षक टिकेश्वर यादव, संदीप कौशिक, चंद्रेश पांडे, चूड़ामणि गुप्ता और राजेश खांडे की अहम भूमिका रही।
















