T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने वाली है, जबकि भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में तय था। लेकिन इससे पहले ही एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पाकिस्तान ने T20 वर्ल्ड कप में खेलने की मंजूरी तो दे दी है, लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है।
पाकिस्तान सरकार ने बयान जारी कर बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी। इस फैसले का सीधा फायदा भारत को मिलेगा, Fastest टीम इंडिया बिना खेले ही 2 अंक हासिल कर लेगी।
अब नहीं होगा IND vs PAK मुकाबला
दरअसल, T20 वर्ल्ड कप 2026 पिछले एक महीने से विवादों में घिरा हुआ है। बीते महीने BCCI के अनुरोध पर मुस्तफिजुर रहमान को KKR ने अपने स्क्वॉड से रिलीज किया था, जिससे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) नाराज हो गया। इसके बाद BCB ने भारत दौरे से इनकार कर दिया और मांग रखी कि उसके मैच श्रीलंका में कराए जाएं।
हालांकि ICC ने इस मांग को नहीं माना, जिसके चलते बांग्लादेश ने वर्ल्ड कप से हटने का फैसला कर लिया। इस पूरे मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बांग्लादेश के समर्थन में नजर आया था। अब पाकिस्तान सरकार के इस फैसले के बाद T20 वर्ल्ड कप 2026 एक बार फिर विवादों में आ गया है।
एक ही ग्रुप में भारत-पाकिस्तान
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान पिछले कई सालों से बाईलेटरल सीरीज नहीं खेलते हैं। दोनों टीमों का सिर्फ ICC और ACC टूर्नामेंट में ही आमना-सामना होता है, लेकिन इस बार ICC टूर्नामेंट में भी भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला देखने को नहीं मिलेगा। बता दें, भारत और पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप 2026 के एक ही ग्रुप में शामिल हैं। दोनों टीमों को नीदरलैंड, नामीबिया और USA के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है। भारतीय टीम 7 फरवरी को अपने अभियान का आगाज करेगी। इसके बाद 12 फरवरी को अपने दूसरे मैच में नामीबिया का सामना करेगी। टीम इंडिया को अपना तीसरा मुकाबला पाकिस्तान से खेलना था, जो अब होना मुश्किल है।
















